Jagannath Rath Yatra Parasia July 2026

सनातन धर्म की परंपराओं में मंदिर के गर्भगृह को सबसे पवित्र और सुदूर स्थान माना जाता है, जहाँ सबको प्रवेश नहीं रहता। लेकिन वर्ष में एक बार एक ऐसा अलौकिक अवसर आता है, जब भगवान जगन्नाथ स्वयं अपने गर्भगृह के एकांत को छोड़कर, मंदिर की चौखट लांघकर अपने भक्तों के बीच सड़क पर आ जाते हैं। आगामी 17 जुलाई को परासिया-चांदामेटा के इतिहास में पहली बार आयोजित हो रही इस्कॉन भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा (Jagannath Rath Yatra Parasia 2026) इसी महान भावना का प्रतीक है।

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा क्यों होता है? आखिर क्यों जगत के स्वामी को सड़क पर आना पड़ता है?

पतित पावन की अवधारणा: जो मंदिर नहीं आ सकते, भगवान उनके पास जाते हैं।

जगन्नाथ संस्कृति के सबसे गहरे और संवेदनशील रहस्यों में से एक है “पतित पावन” का भाव। समाज में कई ऐसे लोग होते हैं जो शारीरिक दुर्बलता, बीमारी, वृद्धावस्था या अन्य सामाजिक-पारिवारिक कारणों से मंदिर के भीतर तक नहीं पहुँच पाते।

भगवान जगन्नाथ का हृदय इतना कृपालु है कि वे कहते हैं, “यदि मेरा भक्त मुझ तक नहीं आ सकता, तो मैं स्वयं चलकर अपने भक्त के द्वार तक जाऊँगा।” जब भगवान रथ पर विराजमान होकर परासिया की सड़कों—चांदामेटा से लेकर बाज़ार और बस स्टैंड तक—निकलेंगे, तब उनका आशीर्वाद हर उस व्यक्ति पर बरसेगा जो अपनी खिड़की, छज्जे या सड़क के किनारे खड़ा होकर उनके दर्शन करेगा।

यह भी पढ़े: परासिया में इतिहास रचने को तैयार, पहली भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा, तैयारियाँ पूरी

परासिया वासियों के लिए क्यों ऐतिहासिक है यह 17 जुलाई?

परासिया-चांदामेटा एक ऐसा क्षेत्र है जहाँ विविधता में एकता बसती है। इस पहली रथ यात्रा के माध्यम से पूरा नगर एक सूत्र में पिरोने जा रहा है। भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी का रथ जब यहाँ से गुजरेगा, तो यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक समरसता का सबसे बड़ा उत्सव बन जाएगा।

नगर के सभी प्रमुख वर्ग और व्यापारिक संगठन मिलकर कदम-कदम पर प्रभु का स्वागत करने की तैयारी में जुटे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि भगवान जब सड़क पर आते हैं, तो जाति, वर्ग और भेद की सारी दीवारें स्वतः ही ढह जाती हैं।

यह भी पढ़े: साधारण नहीं है परासिया आने वाली भगवान जगन्नाथ की मूर्ति, पुरी से जुड़े हैं इसके अद्भुत रहस्य

व्यवस्थाओं को सुगम बनाने में जुटी ‘भारत की वाणी’, इस्कॉन के सदस्य और भक्तगण

इस ऐतिहासिक क्षण की गरिमा और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पृष्ठभूमि में एक बड़ी टीम दिन-रात काम कर रही है। इस्कॉन के समर्पित स्वयंसेवकों के साथ मिलकर ‘भारत की वाणी’ (bharatkivaani.com) की युवा टीम पूरी लगन से ग्राउंड को-ऑर्डिनेशन संभाल रही है।

हमारी टीम यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि जब भगवान अपनी चौखट लांघकर परासिया की सड़कों पर आएं, तो यहाँ आने वाले हजारों श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों को दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने में कोई असुविधा न हो।

अपनी बोध: सनातन धर्म ज्ञान पत्रिका यहाँ प्राप्त करे।

By Mayank Dubey

मयंक एक बहुआयामी लेखक, विचारशील कंटेंट क्रिएटर और युवा विचारक हैं एवं "मन की कलम" नामक हिंदी कविता संग्रह के प्रकाशित लेखक हैं। वे धर्म, भारतीय संस्कृति, भू-राजनीति और अध्यात्म जैसे विषयों में भी लिखते है। अपने यूट्यूब चैनल और डिजिटल माध्यमों के ज़रिए वे समय-समय पर समाज, सनातन संस्कृति और आत्मविकास से जुड़े विचार प्रस्तुत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *